Hazaribagh: हजारीबाग शहर में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक होटल में आयोजित विवाह समारोह के दौरान गोलीबारी हो गई। मंगलवार रात उपकार होटल में हुई इस घटना में अर्णव सिंह उर्फ बिट्टू की मौत हो गई, जबकि अंकित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। अंकित को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।
चतरा जिले के सिमरिया से आई थी बारात
जानकारी के अनुसार, होटल में शादी समारोह के साथ संगीत कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था। बारात चतरा जिले के सिमरिया से आई थी। रात में द्वारपूजा की रस्म के दौरान किसी बात को लेकर बाराती और सराती पक्ष के बीच विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। इसी दौरान गोलीबारी शुरू हो गई। गोली लगने से अर्णव और अंकित घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां अर्णव ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान हुरहुरू स्थित बाबा पथ निवासी अर्णव सिंह के रूप में हुई है।
शादी के निमंत्रण पर होटल गया था अर्णव
अर्णव के भाई विक्रम ने बताया कि घर के पास शादी समारोह था और परिवार को निमंत्रण मिला था। इसी वजह से उनका भाई होटल गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान उनके भाई को गोली मार दी गई। विक्रम ने घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
गोली चलाने का आरोप बारातियों पर लगाया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं, समाजसेवी राजकुमार सोनी ने घटना पर दुख जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। शादी समारोह में हुई इस वारदात से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








