हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के टाटीझरिया प्रखंड में जंगली जानवरों की आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जंगल से निकलकर सियार अब गांवों और घरों तक पहुंच रहे हैं। बुधवार को भराजो गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सियार अचानक परमेश्वर महतो के घर में घुस गया और छत पर जाने वाली सीढ़ियों पर बैठ गया।
सियार को घर में देखकर परिवार के लोग घबरा गए। परिजनों ने उसे बाहर भगाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह बार-बार वापस लौट आ रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, उसे भगाने की कोशिश करने पर सियार लोगों की ओर हमला करने के लिए दौड़ पड़ता था। इससे घर के बच्चे काफी डर गए और परिवार के सदस्यों में भी दहशत फैल गई।
बाद में आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सामूहिक प्रयास से किसी तरह सियार को घर से बाहर भगाया गया।
एक दिन पहले राहगीर पर भी किया था हमला
सियार के गांव में घुसने की यह पहली घटना नहीं है। बताया जा रहा है कि इससे एक दिन पहले धर्मपुर गांव में भी एक सियार ने जंगल के रास्ते से गुजर रहे राहगीर पर हमला कर दिया था। इस घटना में राहगीर घायल हो गया था।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि अब जंगली जानवर जंगल तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि दिन के उजाले में भी गांवों और घरों तक पहुंच रहे हैं। इससे खासकर बच्चों और जंगल के रास्तों से गुजरने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
वन विभाग से ग्रामीणों ने लगाई सुरक्षा की गुहार
ग्रामीणों ने वन विभाग से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में कोई बड़ी घटना हो सकती है। ग्रामीणों ने सियार की गतिविधियों पर नजर रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
फिलहाल गांव में सियार की आवाजाही को लेकर भय का माहौल बना हुआ है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








