Ranchi: झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह पखवाड़े के तहत बुधवार को राज्यभर में शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण, कृषि विकास और जनकल्याण से जुड़ी कई गतिविधियां आयोजित की गईं। ‘विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं का उत्सव’ थीम पर चल रहे इस आयोजन में किशोरियों से लेकर किसानों, महिलाओं और विद्यार्थियों तक की भागीदारी रही।
किशोरी सशक्तीकरण दिवस में राज्यभर के 1,62,837 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया
इस दौरान महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की ओर से आयोजित किशोरी सशक्तीकरण दिवस में राज्यभर के 1,62,837 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत किशोरियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और बाल विवाह रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया। विभिन्न जिलों में पात्र लाभुकों की पहचान और आवेदन संबंधी सहायता भी दी गई।
पर्यावरण संरक्षण के तहत रांची जिले की 305 ग्राम पंचायतों समेत लातेहार, हजारीबाग और दुमका में पौधारोपण अभियान चलाया गया। पंचायत भवनों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाए गए। इनके संरक्षण की जिम्मेदारी स्थानीय समूहों और युवाओं को सौंपी गई।
कृषि क्षेत्र में किसानों को मिट्टी जांच, संतुलित उर्वरक उपयोग और फसल विविधीकरण की जानकारी दी गई। लातेहार के सरयू प्रखंड में मसूर बीज वितरित किए गए। रांची के सोनाहातू और दुमका में भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुए।
कांके में एक क्लस्टर फेडरेशन को 32 लाख रुपये की सामुदायिक निवेश निधि मिली
महिला स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने के लिए मटर बीज, पोषण वाटिका किट और सामुदायिक निवेश निधि वितरित की गई। रांची के कांके में एक क्लस्टर फेडरेशन को 32 लाख रुपये की सामुदायिक निवेश निधि मिली।
आवास योजनाओं के तहत लातेहार में 60 पूर्ण आवासों में लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। रांची और हजारीबाग में भी गृह प्रवेश कार्यक्रम हुए।
इसके अलावा बिजली समस्याओं के समाधान के लिए शिविर, जल स्रोतों की गुणवत्ता जांच, स्वच्छता अभियान और डिजिटल लेन-देन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। स्कूलों में निबंध, चित्रकला, क्विज और हस्तकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को झारखंड के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया गया।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









