Koderma: दोस्तों के साथ तिलैया डैम घूमने और पार्टी मनाने निकले 14 वर्षीय आयुष कुमार की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र स्थित तिलैया बस्ती के पास हुआ, जहां सामने से आ रही स्कॉर्पियो और बुलेट बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। बाइक पर आयुष के साथ उसके दो दोस्त भी सवार थे।
टक्कर के बाद सड़क किनारे पत्थल पर लगी चोट
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क किनारे दूर जा गिरे। आयुष पत्थर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक चला रहे श्रीराम सिंदुरिया को भी गंभीर चोटें आईं, जबकि मोहित को मामूली चोट लगी। स्थानीय लोगों ने तीनों को बरही अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद आयुष और श्रीराम को हजारीबाग रेफर किया गया। वहां से आयुष को बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। श्रीराम का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
धनतेरस पर जिद कर खरीदी थी बुलेट
आयुष झुमरीतिलैया निवासी बिनोद कुमार का इकलौता बेटा था। परिजनों के मुताबिक, उसने बीते धनतेरस पर जिद करके पिता से बुलेट बाइक खरीदी थी। मंगलवार को वह उसी बाइक से दोस्तों के साथ घूमने निकला था। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।
2027 में देनी थी मैट्रिक की परीक्षा
आयुष झुमरीतिलैया के एक निजी विद्यालय में दसवीं कक्षा का छात्र था। उसे वर्ष 2027 में मैट्रिक की परीक्षा देनी थी। बेटे की असमय मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस उम्र में परिवार को उसके भविष्य के सपने पूरे होने का इंतजार था, उस उम्र में घर का चिराग बुझ गया। हादसे के बाद परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








