Koderma: कोडरमा जिले में स्थित डीवीसी के कोडरमा थर्मल पावर स्टेशन (केटीपीएस), बांझेडीह में शनिवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्लांट के कोयला ढुलाई क्षेत्र में लगे सीएचपी कन्वेयर बेल्ट में आग लग गई। आग की लपटें उठते ही अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया।
गर्म कोयले से कन्वेयर बेल्ट में आग लगने की आशंका
मिली जानकारी के मुताबिक घटना टीपी-3 के पास सीएचपी एरिया की है। यहां कोयला वैगन लाने के दौरान गिरे गर्म कोयले से कन्वेयर बेल्ट में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने बेल्ट के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के बाद प्लांट के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
नुकसान का आकलन किया जा रहा है
हालांकि, आग की वजह से कन्वेयर बेल्ट को काफी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। घटना के बाद प्लांट प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
बताते चलें कि डीवीसी का यह प्लांट कोडरमा जिले के बांझेडीह में स्थित है और यहां कोयले की ढुलाई के लिए कन्वेयर बेल्ट महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







