कोडरमा: झारखंड के कोडरमा घाटी में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में सरिया लदा 18 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में उतर गया। हादसे के बाद ट्रक के केबिन में अचानक आग लग गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में ट्रक का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक का नंबर BR27GA8291 है। ट्रक चालक शंकर कुमार, पिता स्वर्गीय बाली यादव, बिहार के नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के मेघिपुर गांव के निवासी हैं। वह ओडिशा से सरिया लोड कर असम जा रहे थे। चालक के मुताबिक, वह मंगलवार को दोपहर करीब दो बजे ओडिशा से निकले थे। शुक्रवार सुबह लगभग चार बजे जब उनका 18 चक्का ट्रक कोडरमा घाटी से गुजर रहा था, तभी एक तीखे मोड़ पर सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे खाई में उतर गया।
स्थिति को भांपते हुए शंकर कुमार तुरंत ट्रक से कूद गए। उनके बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद ट्रक के केबिन में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस और दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही कोडरमा थाना की पेट्रोलिंग टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि, तब तक ट्रक का केबिन पूरी तरह जल चुका था। राहत की बात यह रही कि चालक ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। पुलिस ट्रक को खाई से बाहर निकालने की कार्रवाई में जुटी थी।
नवादा के अस्पताल में चल रहा चालक का इलाज
चालक शंकर कुमार ने बताया कि हादसे के बाद एक अन्य चालक उन्हें नवादा सदर अस्पताल लेकर गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नवादा के केशव कपूर मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
चालक के समय रहते ट्रक से कूद जाने के कारण उनकी जान बच गई। यदि वह केबिन में लगी आग की चपेट में आ जाते, तो हादसा और गंभीर हो सकता था।
जेजे कॉलेज से रजौली तक फोरलेन सड़क की मांग तेज
कोडरमा घाटी में हुए इस हादसे के बाद जेजे कॉलेज से बिहार के रजौली तक फोरलेन सड़क निर्माण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। इस मार्ग पर तीखे मोड़, कई जगह संकरी सड़क और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जेजे कॉलेज से रजौली तक सड़क को फोरलेन किए जाने से यातायात सुगम हो सकता है और दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है। लंबे समय से इस मार्ग के चौड़ीकरण की मांग उठाई जा रही है।
कोडरमा घाटी में ट्रक दुर्घटना और केबिन में लगी आग ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षित यातायात और सड़क चौड़ीकरण की जरूरत को सामने ला दिया है।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।







