धनबाद के चर्चित वासेपुर शूटआउट केस में बैंकमोड़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पहले गिरफ्तार आरोपी रकीब की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे शूटर इजहार हुसैन उर्फ इजहार अंसारी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से दो पिस्टल, कारतूस और मैगजीन बरामद किए हैं। इस मामले में कई अन्य आरोपियों की भी पहचान हुई है, जिनकी तलाश जारी है।
सुपारी लेकर पहुंचे थे धनबाद
पुलिस पूछताछ में इजहार ने खुलासा किया कि वह अपने साथी मो. रकीब के साथ चक्रधरपुर से रांची होते हुए धनबाद पहुंचा था।
दोनों को Prince Khan, ऋतिक खान और गोपी खान ने फहीम खान के बेटे इकबाल खान की हत्या की सुपारी दी थी।
रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड पर कृष कुमार सिंह नामक व्यक्ति ने उन्हें बैग में हथियार और कारतूस उपलब्ध कराए थे।
रेकी के दौरान हुई गोलीबारी
धनबाद पहुंचने के बाद दोनों आरोपी वासेपुर इलाके में रेकी कर रहे थे।
इसी दौरान देर रात करीब 11:30 बजे स्थानीय लोगों को शक हुआ और पूछताछ शुरू हुई।
भागने के दौरान हैदर अंसारी उर्फ बबली ने उनका पीछा किया, जिस पर इजहार ने अलीनगर स्थित स्मार्ट मैरेज हॉल के पास पीछे से गोली चला दी, जिससे बबली घायल हो गया।
झाड़ियों से बरामद हुआ हथियार
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कलाली बगान रेलवे लाइन के पास झाड़ियों से एक पिस्टल बरामद की।
बरामद पिस्टल के मैगजीन में दो जिंदा कारतूस (7.65 KF मार्क) मिले हैं। साथ ही आरोपी के पास से स्मार्टफोन और सिम कार्ड भी जब्त किया गया।
कई आरोपियों पर मामला दर्ज, गिरोह पर शिकंजा
इस मामले में पुलिस ने इजहार हुसैन, मो. रकीब, कृष कुमार सिंह, Prince Khan, ऋतिक खान, गोपी खान, असगर अली समेत अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है।
बैंकमोड़ थाना में दारोगा राजेश कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार यह संगठित आपराधिक गिरोह का मामला है, जिसमें हत्या की साजिश और अवैध हथियारों का इस्तेमाल शामिल है।
जल्द होगा पूरे गिरोह का खुलासा
पुलिस ने संकेत दिए हैं कि मामले में कुछ और अपराधियों के नाम सामने आए हैं। सभी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
धनबाद पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








