एक्साइज कांस्टेबल कंपटीटिव परीक्षा 2023 में सामने आई कथित गड़बड़ियों को लेकर आम आदमी पार्टी के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात की और विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने पूरी चयन प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से रोकने, मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराने और भविष्य में JSSC व JPSC परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ठोस सुधार लागू करने की मांग की।
तकनीकी गलती नहीं, “सिस्टम के अंदर साजिश” का आरोप
प्रतिनिधिमंडल ने इस पूरे मामले को महज तकनीकी त्रुटि मानने से इनकार करते हुए गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि यह एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा हो सकता है, जिससे अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। प्रदेश सचिव प्रीतम मिश्रा ने आरोप लगाया कि सैकड़ों अभ्यर्थियों के पेपर-2 में उनकी क्षेत्रीय भाषा को बिना अनुमति बदल दिया गया। इसके अलावा सुधार आवेदन देने के बावजूद गलत एडमिट कार्ड जारी होना इस बात की ओर इशारा करता है कि यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि एक गहरी अनियमितता है।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेता
इस प्रतिनिधिमंडल में प्रीतम मिश्रा (प्रदेश सचिव), प्रभात शर्मा (मीडिया प्रभारी), राजेश लिंडा (जोनल पर्यवेक्षक) और लक्ष्मण सिंह शामिल थे।












