Koderma: कोडरमा जिला मुख्यालय स्थित ओम कौशल्या हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान 65 वर्षीय राबिया देवी की मौत के बाद अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया। मृतका बेहराडीह पथलडीहा की रहने वाली थीं। घटना से नाराज परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सक पर इलाज में गंभीर लापरवाही तथा गलत खून चढ़ाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
परिजनों का कहना है कि इलाज के दौरान हुई कथित लापरवाही के कारण राबिया देवी की जान गई। उनका आरोप है कि अस्पताल में पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं और हर बार मामले को समझौते के जरिए दबा दिया जाता है।
वहीं अस्पताल के चिकित्सक डॉ. विशाल कुमार ने सभी आरोपों को खारिज किया। उन्होंने बताया कि महिला का ऑपरेशन सफल रहा था और ऑपरेशन के बाद उनकी स्थिति सामान्य थी। उनके अनुसार बाद में अचानक हार्ट अटैक आने से मरीज की मौत हुई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल परिजनों और अस्पताल प्रबंधन के अलग-अलग दावों के बीच मौत के वास्तविक कारण और लापरवाही के आरोपों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।









