डोरंडा स्थित अंबेडकर चौक पर आयोजित कार्यक्रम में संविधान निर्माता को याद कर नेताओं ने उनके विचारों को अपनाने का दिया संदेश भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर राजधानी रांची में भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डोरंडा स्थित अंबेडकर चौक पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस मौके पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बाबा साहेब को नमन किया। दोनों नेताओं ने पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों और संविधान के प्रति उनकी अमूल्य योगदान को याद किया। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समानता और सामाजिक न्याय का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करें और समाज में समरसता स्थापित करने की दिशा में कार्य करें।
वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि डॉ. अंबेडकर द्वारा निर्मित भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही एक समतामूलक और सशक्त समाज का निर्माण संभव है। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक भी उपस्थित रहे और सभी ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की।












