Dhanbad News: राजगंज में ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत
राजगंज (Dhanbad): खबर मंत्र संवाददाता। झारखंड के राजगंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। दलूडीह पंचायत के सरायदाहा के पास सोमवार देर रात एक अनियंत्रित खाली ट्रैक्टर पलट गया, जिसकी चपेट में आने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
बालू खाली कर घर लौट रहा था
मिली जानकारी के अनुसार, संतोष केवट बालू खाली कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सरायदाहा के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक खेत में जा पलटा। संतोष ट्रैक्टर के नीचे बुरी तरह दब गया।
हैरानी की बात यह रही कि हादसे के बाद भी ट्रैक्टर का इंजन चालू था। देर रात सन्नाटे में इंजन की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, तो देखा कि चालक नीचे दबा हुआ है। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना राजगंज थाना पुलिस को दी।
तीन महीने पहले ही खरीदा था नया ट्रैक्टर
मृतक के भाई चंदन केवट ने बताया कि संतोष ने मात्र तीन महीने पहले ही नया ट्रैक्टर फाइनेंस कराया था। वह अपने परिवार का मुख्य सहारा था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। इस घटना के बाद से पूरे बोनासिंघा गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही राजगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला। बुधवार सुबह जरूरी कागजी कार्रवाई और पंचनामा करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया है।












