Hridaynath Mangeshkar की बड़ी घोषणा: Lata Mangeshkar और आशा भोसले की याद में पुणे में बनेगा एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल
Hridaynath Mangeshkar: भारतीय संगीत जगत की दो महान विभूतियों, लता मंगेशकर और आशा भोसले की स्मृति में पुणे में एक विशाल अस्पताल का निर्माण होने जा रहा है। उनके भाई और प्रसिद्ध संगीत निर्देशक हृदयनाथ मंगेशकर ने साझा किया कि यह अस्पताल न केवल इन दोनों बहनों को श्रद्धांजलि होगी, बल्कि इसे एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
मां और लता दीदी का सपना होगा पूरा
हृदयनाथ मंगेशकर के अनुसार, पुणे में गरीबों की सेवा के लिए एक अस्पताल बनाना उनकी मां और लता मंगेशकर का पुराना सपना था। उन्होंने बताया लगभग 25 साल पहले इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया गया था, लेकिन किन्हीं कारणों से उस समय यह पूरा नहीं हो सका। भाई हृदयनाथ ने आगे बताया कि पहले यह अस्पताल केवल लता मंगेशकर के नाम पर प्रस्तावित था, जिसके मुहूर्त की तारीख 16 तारीख तय की गई थी। किंतु, आशा भोसले के आकस्मिक निधन के बाद परिवार ने अब इसे दोनों बहनों के नाम पर समर्पित करने का निर्णय लिया है।
Asha Bhosle: संगीत के एक युग का अंत
सुरों की मल्लिका आशा भोसले का 92 वर्ष की आयु में मुंबई में निधन हो गया । उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ शिवाजी पार्क में किया गया, जहाँ मनोरंजन जगत की दिग्गज हस्तियों (आमिर खान, विक्की कौशल, शान आदि) ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
Asha Bhosle के जीवन से जुड़े दिलचस्प फैक्ट्स
आशा जी का करियर और उपलब्धियां अतुलनीय रहीं। आशा जी का जन्म 8 सितंबर 1933 को सांगली, महाराष्ट्र में हुआ था। आशा जी ने अपनी पहली गीत मात्र 10 साल की उम्र में मराठी फिल्म ‘माझा बाल’ (1943) के लिए ‘चला चला नवबाला’ गाया था। उन्होंने 1948 में फिल्म ‘चुनरिया’ के गीत ‘सावन आया रे’ से हिंदी सिनेमा में कदम रखा। उन्होंने फिल्म संगीत, पॉप, गजल, भजन और शास्त्रीय संगीत सहित कई शैलियों में 12,000 से अधिक गीत गाए हैं। उन्होंने 20 से अधिक भाषाओं में अपनी आवाज का जादू भी बिखेरा है।
प्रमुख सम्मान और उपलब्धियां:
| वर्ष | उपलब्धि/पुरस्कार |
| 2011 | दुनिया में सबसे ज्यादा गाने रिकॉर्ड करने के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज। |
| 2008 | तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल द्वारा पद्म विभूषण से सम्मानित। |
| 2000 | भारतीय सिनेमा का सर्वोच्च सम्मान दादा साहेब फाल्के पुरस्कार प्राप्त किया। |
| 1997 | ग्रैमी अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट होने वाली पहली भारतीय कलाकार बनीं। |
पुणे में बनने वाला यह अस्पताल मंगेशकर परिवार की समाज सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक होगा। संगीत के जरिए दुनिया को खुशियां देने वाली इन दोनों बहनों का नाम अब स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में भी अमर रहेगा।













