Bihar: बिहार की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है, जिसके साथ ही राज्य में करीब दो दशकों से चले आ रहे ‘नीतीश युग’ का समापन हो गया है। इसके साथ ही नीतीश कुमार की सहमति से पहली बार बिहार में बीजेपी का मुख्यमंत्री होगा।
Bihar में ‘नीतीश युग‘ का अंत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफा, 20 साल के शासन का हुआ समापन
पटना: बिहार की सियासत में आज एक ऐतिहासिक मोड़ आया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजभवन जाकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। इसी के साथ बिहार की राजनीति में पिछले 20 वर्षों से प्रभावी ‘नीतीश युग’ का अंत हो गया है। राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए नई व्यवस्था होने तक उन्हें ‘कार्यकारी मुख्यमंत्री’ के रूप में जिम्मेदारी संभालने को कहा है।
कैबिनेट की आखिरी बैठक में हुए भावुक
इस्तीफा देने से पहले नीतीश कुमार ने राज्य मंत्रिपरिषद की अपनी अंतिम बैठक को संबोधित किया। लगभग 20 मिनट तक चली इस बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने उनके कार्यकाल के लिए आभार व्यक्त किया।
नीतीश कुमार के संबोधन की मुख्य बातें:
-
ईमानदारी से सेवा: नीतीश कुमार ने कहा, “2005 में जब जिम्मेदारी मिली थी, तब से अपनी पूरी क्षमता और ईमानदारी से राज्य की सेवा की।”
-
मार्गदर्शन जारी रहेगा: उन्होंने मंत्रियों से कहा कि भले ही वे पद छोड़ रहे हैं, लेकिन बिहार के विकास के लिए उनका मार्गदर्शन हमेशा उपलब्ध रहेगा।
-
विकास का संकल्प: उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार को एक विकसित राज्य बनाने के लिए अभी और कठिन मेहनत की जरूरत है।
एक अणे मार्ग (CM हाउस) छोड़ने की तैयारी
इस्तीफे के तुरंत बाद नीतीश कुमार राजभवन से सीधे ‘एक अणे मार्ग’ स्थित मुख्यमंत्री आवास लौट आए हैं। सूत्रों के अनुसार, वे आज ही मुख्यमंत्री आवास खाली कर सकते हैं।
नीतीश कुमार का जाना बिहार की राजनीति के एक बड़े अध्याय का बंद होना है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि बिहार में अगली सरकार की रूपरेखा क्या होगी और ‘पोस्ट-नीतीश’ दौर में राज्य की राजनीति किस दिशा में मुड़ती है।
इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने X पर लिखा-
“आप जानते हैं कि 24 नवंबर, 2005 को राज्य में पहली बार एन०डी०ए० सरकार बनी थी। तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं। सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो, महादलित हो- सभी के लिए काम किया गया है। हर क्षेत्र में काम हुआ है चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, सड़क हो, बिजली हो, कृषि हो। महिलाओं एवं युवाओं के लिए भी बहुत काम किया गया है। इन दिनों काम को और आगे बढ़ाया गया है। अगले पाँच वर्षों यानि 2025 से 2030 के लिए 7 निश्चय-3 का गठन किया गया है। इससे और ज्यादा काम होगा जिससे बिहार काफी आगे बढ़ेगा। बिहार के विकास में केन्द्र का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। इसके लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का नमन करते हैं। बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के टॉप राज्यों में शामिल हो जाएगा तथा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा। हमने बिहार के लोगों के लिए बहुत काम किया है। इतने दिनों से हमने लगातार लोगों की सेवा की है। हमने तय किया था कि अब मुख्यमंत्री का पद छोड़ देंगे और इसलिए आज मंत्रिमंडल की बैठक के बाद माननीय राज्यपाल से मिलकर उन्हें इस्तीफा सौंप दिया। अब नई सरकार यहाँ का काम देखेगी। नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा। आगे भी बहुत अच्छा काम होगा तथा बिहार बहुत आगे बढ़ेगा। सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूँ तथा शुभकामनाएं देता हूँ।”













