Ranchi News: बर्थडे पार्टी में छात्रा के साथ शर्मनाक वारदात के 3 आरोपी गिरफ्तार
Ranchi: रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में मेडिकल छात्रा के साथ हुई दुष्कर्म मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 1 अन्य आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, घटना की जानकारी 12 अप्रैल को मिली, जिसके बाद जांच शुरू की गई और 13 अप्रैल की सुबह पीड़िता का बयान दर्ज किया गया।
पिज्जा में नशीला पदार्थ मिलाया गया
पुलिस जांच में सामने आया है कि छात्रा को बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाया गया था, जहां पिज्जा में नशीला पदार्थ मिलाया गया। पिज्जा खाने के बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसके साथ यह वारदात हुई।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मामले में शामिल तीन आरोपियों दानिश (27 वर्ष), फैजल उर्फ फहद और ओली विश्वकर्मा (26 वर्ष)को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें से दो आरोपियों को पश्चिम बंगाल से उस वक्त पकड़ा गया, जब वे रांची से भागने की कोशिश कर रहे थे। तीसरे आरोपी को रांची के ही जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि घटना के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की भी कोशिश की थी। वहीं, पीड़िता की एक महिला मित्र पर भी मामले को दबाने और भटकाने की कोशिश करने का आरोप है। इस पूरी घटना में कुल चार लोगों की मौजूदगी की बात सामने आई है।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी शादाब, जो बर्थडे पार्टी का आयोजक था, अभी फरार है। पुलिस की विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।













