RANCHI जिले के नगड़ी स्थित जल छाजन सभाकक्ष में बुधवार को कांग्रेस पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इस बैठक विशेष रूप से मांडर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सभी पाँच प्रखण्ड मांडर, चान्हो, ईटकी, बेड़ो और लापुंग के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
विशेष मतदाता पुनरीक्षण (SIR) की विस्तृत जानकारी
झारखण्ड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू ने जूम मीटिंग के माध्यम से नेताओं को विशेष मतदाता पुनरीक्षण (SIR) की विस्तृत जानकारी दी और निर्णय लिया गया कि सभी कांग्रेस के कार्यकर्ता अपने स्तर पर घर-घर जाकर लोगों को इससे संबंधित जानकारी देंगे। जिससे वोटर लिस्ट से किसी मतदाता का नाम कटने से रोकने के लिये जरूरी दस्तावेज पेश किया जा सके। इसके लिये BLO से समन्वय स्थापित कर पूरी जानकारी प्राप्त करेंगे।
पेसा कानून को लागू करने पर हेमंत सोरेन सरकार का आभार
बैठक में पेसा कानून को लागू करने के लिये हेमंत सोरेन सरकार का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही आम लोगों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार कर उन्हें पेसा कानून की गंभीरता एवं संवेदनशीलता बताने की जरूरतों पर भी चर्चा की गई।
मनरेगा का नाम बदलने पर केन्द्र सरकार की तीखी आलोचना
इस बैठक में मनरेगा कानून का नाम बदलने पर केन्द्र सरकार की तीखी आलोचना की गई। मनरेगा के स्वरूप को बदलने के बाद इसका सीधा-सीधा नकारात्मक प्रभाव ग्रामीण क्षेत्र में बेरोजगारों और आम श्रमिकों पर पड़ेगा। मनरेगा का नाम बदलने तथा इसमें संशोधित प्रावधानों के संदर्भ में जमीनी स्तर पर सभी को गंभीरता से बताने का निर्णय लिया गया। सभी ने सर्वसम्मति से निश्चय किया कि जन जागरण कर लोगों को मनरेगा कानून में बदलाव के कारण हो रहे नुकसान के विषय में बताया जाये। बैठक में ग्रामीण जिला अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा, प्रखंड अध्यक्ष मंगा उराव के अलावा भारी संख्या में लोग उपस्थित थे












