Jharkhand Politics: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने आज रांची में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन का ‘घृणित खेल’ खेल रही थी, जिसे विपक्षी एकता ने नाकाम कर दिया है।
Jharkhand Politics: भाजपा खुद को मसीहा साबित करना चाहती है
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि सरकार 2011 की पुरानी जनगणना के आधार पर परिसीमन कर सत्ता पर कब्जा जमाना चाहती थी। उन्होंने कहा, “भाजपा खुद को मसीहा साबित करना चाहती है, लेकिन उनकी नीयत में खोट है। अगर सरकार गंभीर है, तो 2023 में पारित विधेयक को तत्काल लागू करे और 2029 के आम चुनाव में ही 33% आरक्षण दे। परिसीमन और जनगणना के बहाने इसे टालना बंद करें।”
Jharkhand Politics: प्रधानमंत्री के संबोधन पर पलटवार
प्रधानमंत्री के राष्ट्र के नाम संबोधन को ‘चुनावी भाषण’ करार देते हुए कमलेश ने कहा कि कांग्रेस ने एनी बेसेंट से लेकर सोनिया गांधी तक महिलाओं को नेतृत्व दिया है। उन्होंने सवाल किया कि उन्नाव, हाथरस और मणिपुर की घटनाओं पर प्रधानमंत्री ने आज तक माफी क्यों नहीं मांगी?
भाजपा की घटिया राजनीति अब जनता के सामने है-दीपिका पांडे सिंह
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने तीखे लहजे में कहा कि महिला विधेयक की ‘चाशनी’ में छिपी भाजपा की घटिया राजनीति अब जनता के सामने है। उन्होंने कहा कि 12 साल से सत्ता में बैठी भाजपा पहली बार विधेयक गिरने से तिलमिलाई हुई है। वहीं, प्रदीप यादव ने कहा कि 16 अप्रैल को अचानक विधेयक लाना असल में पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की कटौती करने की एक गहरी चाल थी।
Jharkhand Politics: राज्यव्यापी आंदोलन की तैयारी
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रमा खलखो ने एलान किया कि इस ‘राजनैतिक साजिश’ को बेनकाब करने के लिए राज्य के हर जिले में आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस ने मांग की है कि आरक्षण में ओबीसी वर्ग की महिलाओं को भी उचित प्रतिनिधित्व मिले और सरकार महंगाई, बेरोजगारी व सुरक्षा जैसे असली मुद्दों पर जवाब दे।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









