Ranchi News: पंडरा में जमीन कारोबारी भार्गव सिंह को अपराधियों ने मारी गोली, हुरहुरि जमीन विवाद से जुड़े तार
Ranchi (पंडरा): झारखंड की राजधानी रांची से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। मंगलवार की सुबह पंडरा ओपी क्षेत्र के ओटीसी (OTC) मैदान के पास बाइक सवार अपराधियों ने जमीन कारोबारी भार्गव सिंह को गोली मार दी। घटना सुबह करीब 8:00 बजे की है, जब भार्गव सिंह मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे।
रेकी कर अपराधियों ने बनाया निशाना
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बैंक कॉलोनी निवासी भार्गव सिंह ‘गोल्डन सिटी इंडिया’ नाम से एक कंस्ट्रक्शन कंपनी चलाते हैं। वह हर मंगलवार को बजरंगबली के मंदिर में पूजा करने जाते थे। अपराधियों ने पहले उनकी रेकी की और मंगलवार सुबह जैसे ही वह मंदिर के पास पहुंचे, एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी।
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
गोलीबारी के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। भार्गव सिंह के दाएं तरफ सीने में गोली लगी है। उन्हें तुरंत पास के सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पारस हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया है। फिलहाल उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
जमीन विवाद से जुड़ रहे हैं तार
प्रारंभिक जांच और सूत्रों के हवाले से यह बात सामने आ रही है कि इस हमले के पीछे हुरहुरि में चल रहा जमीन विवाद हो सकता है।भार्गव सिंह हुरहुरि इलाके में एक नए प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर भार्गव सिंह का विजय हेंड्रिक टेटे नाम के व्यक्ति से विवाद चल रहा था। कुछ समय पहले दोनों के बीच तीखी बहस भी हुई थी, लेकिन भार्गव को अंदेशा नहीं था कि विवाद जानलेवा हमले तक पहुंच जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही पंडरा पुलिस मौके पर पहुंच गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बाइक सवार अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस जमीन विवाद और विजय हेंड्रिक टेटे से जुड़े पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।













