Jharkhand News: बेड़ो प्रखंड के खुखरा गांव में मंगलवार सुबह ठनका गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना में गांव निवासी भीम महतो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद पालतू कुत्ते की भी जान चली गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब छह बजे हल्की बारिश हो रही थी। इसी दौरान भीम महतो अपने घर के पीछे बाड़ी में गाय के चारे के लिए रखे कुट्टी और भूसा को तिरपाल से ढकने गए थे। तभी अचानक तेज चमक के साथ ठनका गिरा और उसकी चपेट में आने से भीम महतो गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद परिजन और आसपास के लोग आनन-फानन में उन्हें उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेड़ो ले गए, जहां प्राथमिक चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमन एक्का ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि भीम महतो के साथ उनका पालतू कुत्ता भी मौजूद था, जिसकी भी ठनका की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।








