Ranchi: झारखंड की राजनीति में महंगाई को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने महंगाई के खिलाफ सत्तारूढ़ दल JMM के आंदोलन को “राजनीतिक नौटंकी” करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा लगातार जनहित के मुद्दों को उठाए जाने से झामुमो सरकार घबराई हुई है और जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस के साथ सरकार चला रही JMM को बोलने का हक नहीं
आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार चला रही JMM को महंगाई पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी दुनिया में महंगाई की “ब्रांड एंबेसेडर” के रूप में जानी जाती रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कई बार पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम कर जनता को राहत देने का काम किया। भाजपा नेता के अनुसार, वैश्विक संकट और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अस्थिरता के बावजूद केंद्र सरकार ने आम लोगों को राहत पहुंचाने की कोशिश की है।
झारखंड सरकार VAT क्यों नहीं घटाती?
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि अगर JMM सरकार वास्तव में जनता की हितैषी है तो पेट्रोल-डीजल पर VAT कम क्यों नहीं करती? उन्होंने कहा कि राज्य में बिजली दरों में बढ़ोतरी से उद्योग-धंधे प्रभावित हो रहे हैं और आम लोग महंगे बिजली बिल से परेशान हैं।
गैस सिलेंडर के वादे पर भी घेरा
आदित्य साहू ने JMM और कांग्रेस को चुनावी वादों की याद दिलाते हुए कहा कि इन दलों ने 450 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा किया था। उन्होंने पूछा कि अब सरकार को यह वादा पूरा करने से कौन रोक रहा है।
भाजपा नेता ने कहा कि JMM और कांग्रेस केवल राजनीति कर रहे हैं, जबकि भाजपा लगातार जनहित के मुद्दे उठा रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब इन दलों की राजनीति को समझ चुकी है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







