Ranchi: झारखंड के चर्चित उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा Paper Leak मामले में आरोपी उत्तम कुमार ने गुरुवार को रांची सिविल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। अदालत में पेशी के बाद कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की अदालत में सरेंडर किया। सुनवाई के बाद अदालत ने उसे फिर से न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
बीएड परीक्षा देने के लिए मिली थी प्रोविजनल बेल
सूत्रों के मुताबिक, उत्तम कुमार को हाल ही में बीएड परीक्षा में शामिल होने के लिए अदालत से अस्थायी राहत मिली थी। कोर्ट ने उसे प्रोविजनल बेल देते हुए परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी थी। इसी अनुमति के आधार पर वह बिहार के नालंदा स्थित पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी में परीक्षा देने गया था।
बताया जा रहा है कि अदालत ने उसे स्पष्ट निर्देश दिया था कि परीक्षा समाप्त होने के बाद उसे पुनः कोर्ट में उपस्थित होना होगा। परीक्षा पूरी होने के बाद उत्तम कुमार ने अदालत पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद कोर्ट ने उसे फिर से जेल भेजने का आदेश दिया।
11 अप्रैल को तमाड़ में हुई थी बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा Paper Leak मामला राज्य के सबसे चर्चित भर्ती घोटालों में शामिल है। बीते 11 अप्रैल को तमाड़ पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए रड़गांव इलाके में छापेमारी की थी।
इस दौरान पुलिस ने 166 लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें बड़ी संख्या में परीक्षा अभ्यर्थी शामिल थे। पुलिस ने दावा किया था कि मौके से अंतरराज्यीय पेपर लीक और सॉल्वर गैंग से जुड़े पांच एजेंटों को भी पकड़ा गया था।
जांच में यह भी सामने आया था कि भर्ती परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को कथित तौर पर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने और उत्तर याद कराने की तैयारी कराई जा रही थी।
158 आरोपियों को मिल चुकी है जमानत
Paper Leak मामले में अब तक बड़ी संख्या में आरोपियों को अदालत से राहत मिल चुकी है। जानकारी के अनुसार, इस मामले में अब तक 158 आरोपियों को जमानत दी जा चुकी है, जबकि कुछ आरोपी अब भी न्यायिक हिरासत में हैं।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस भर्ती घोटाले से जुड़े कई और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








