मध्य प्रदेश के देवास जिले में गुरुवार को हुए भीषण पटाखा Factory विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। एबी रोड पर टोंककला के पास स्थित Factory में अचानक लगी आग के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिसमें अब तक तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं 23 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
धमाका इतना भीषण कि सड़क तक पहुंचे शव के टुकड़े
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट इतना भयानक था कि Factory के अंदर काम कर रहे मजदूरों के शव और मांस के लोथड़े सड़क तक आकर गिर गए। धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसे के बाद फैक्ट्री के आसपास धुएं का गुबार छा गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
बिहार के अररिया के रहने वाले थे मजदूर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार Factory में काम करने वाले अधिकांश मजदूर बिहार के अररिया जिले के बताए जा रहे हैं। कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल से इंदौर और अमलतास अस्पताल रेफर किया गया है। चोइथराम अस्पताल में भी घायलों का इलाज जारी है।
प्रशासन और राहत टीम मौके पर तैनात
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर, एडीएम, एसडीएम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के अंदर अब भी भारी मात्रा में बारूद और तैयार पटाखे मौजूद हैं, जिसके कारण खतरा बना हुआ है।
अधिकारियों को घेरकर लोगों ने किया हंगामा
संभागायुक्त आशीष सिंह के मौके पर पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने प्रशासन को घेर लिया और जमकर नारेबाजी की। लोगों ने फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाए।









