Jamtara: जामताड़ा जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फतेहपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने थाना क्षेत्र के बैलवराई गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी अंग्रेजी शराब एवं बीयर बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
विदेशी अंग्रेजी शराब एवं बीयर की बड़ी खेप बरामद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में फतेहपुर थाना पुलिस को बैलवराई गांव में अवैध शराब बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी अमर सिंह तापेए के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।
पुलिस टीम ने गांव स्थित विश्वजीत गोराई के ठंडा एवं कोल्ड ड्रिंक दुकान में तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान दुकान से विभिन्न ब्रांडों की विदेशी अंग्रेजी शराब एवं बीयर की बड़ी खेप बरामद की गई। जब पुलिस ने दुकान संचालक से शराब भंडारण एवं बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस और दस्तावेजों की मांग की, तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
मौके से एक तस्कर गिरफ्तार
इसके बाद पुलिस ने मौके से ही विश्वजीत गोराई को गिरफ्तार कर लिया और बरामद शराब को जब्त कर लिया। अधिकारियों के अनुसार, जब्त शराब की मात्रा काफी अधिक है, जिसकी बाजार कीमत हजारों रुपये आंकी जा रही है।
इस संबंध में फतेहपुर थाना कांड संख्या 15/26 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 274, 275 एवं 292 तथा 47(ए) झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। एसपी ने इस तरह के कारोबार में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।








