राजधानी Ranchi के मोराबादी स्थित बापू वाटिका के पास शनिवार को हजारों की संख्या में होमगार्ड अभ्यर्थी एकत्रित हुए। अभ्यर्थियों ने होमगार्ड भर्ती परीक्षा के रिजल्ट जारी करने में हो रही देरी को लेकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार नाराजगी जताई।
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से उन्हें सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक रिजल्ट जारी नहीं किया गया है। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक स्तर पर अनावश्यक विलंब किया जा रहा है, जिससे हजारों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है।
इसी के विरोध में अभ्यर्थियों ने मोराबादी से रांची जिला समाहरणालय तक पैदल मार्च निकालने का निर्णय लिया। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर अपने हक की मांग करते नजर आए।
अभ्यर्थियों ने साफ कहा कि उन्हें अब केवल आश्वासन नहीं बल्कि रोजगार चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
इस प्रदर्शन को समर्थन देने के लिए Devendra Nath Mahto भी मौके पर पहुंचे। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने अभ्यर्थियों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, कुछ ही देर में सभी अभ्यर्थी रांची जिला समाहरणालय पहुंचकर जिला उपायुक्त के समक्ष अपनी मांगें रखेंगे। प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।







