जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भेयाडीह गांव से एक नाबालिग लड़की के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और लड़की की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, नाबालिग छात्रा 20 मई को School जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने के बाद लड़की के पिता ने नारायणपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता के पिता ने आवेदन में आरोप लगाया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर नारायणपुर थाना में कांड संख्या 58/26 दर्ज किया गया है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पूरी संवेदनशीलता के साथ जांच की जा रही है। साथ ही परिवार की गोपनीयता का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।









