Ranchi: राजधानी रांची शहर के 6 नए प्रमुख इलाकों में जल्द ही पाइपलाइन के माध्यम से रसोई गैस (PNG) की आपूर्ति शुरू होने वाली है। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रांची स्थित गेल (इंडिया) लिमिटेड (GAIL) के क्षेत्रीय कार्यालय में सिटी गैस वितरण परियोजना की समीक्षा बैठक की और नेटवर्क विस्तार में तेजी लाने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि रांची के मोरहाबादी, हेहल, लालपुर, एचईसी(HEC)क्षेत्र, स्मार्ट सिटी सहित BIT Mesra में पाइपलाइन विस्तार का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है और यहाँ जल्द ही पीएनजी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
रांची के कई इलाकों जैसे अशोक नगर, हरमू, हीनू, अरगोड़ा, पुंदाग, बरियातू, कांके, कोकर, तातीसिलवे, नामकुम और खेलगांव में पहले से ही पीएनजी नेटवर्क सफलतापूर्वक काम कर रहा है।
Ranchi: स्पेशल टास्क फोर्स का होगा गठन
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि सुरक्षित, सस्ती और पर्यावरण अनुकूल गैस सुविधा उपलब्ध कराना केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक घरों तक पाइपलाइन गैस पहुँचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही इसके लिए एक टास्क फोर्स का गठन कर युद्धस्तर पर पीएनजी कनेक्शन देने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
झिरी में कचरे से बन रही है ग्रीन एनर्जी
बैठक में रांची के झिरी स्थित 5 टीपीडी (TPD) क्षमता वाले कम्प्रेस्ड बायोगैस (CBG) प्लांट की प्रगति की भी जानकारी दी गई। यह प्लांट रांची नगर निगम के ठोस कचरे (Solid Waste) को हरित ईंधन (Green Fuel) और जैविक उर्वरक (Organic Fertilizer) में बदल रहा है। इससे शहर में स्वच्छ ऊर्जा और बेहतर प्रबंधन को बढ़ावा मिल रहा है।
संकरी गलियों के लिए लॉन्च हुई ‘फायर बाइक’
समीक्षा बैठक के बाद मंत्री संजय सेठ ने गेल की दो विशेष फायर बाइक (Fire Bike) का उद्घाटन किया। रांची की संकरी गलियों और ऐसे मोहल्लों में जहाँ दमकल की बड़ी गाड़ियाँ नहीं पहुँच पातीं, वहाँ इन बाइक का इस्तेमाल पाइपलाइन से संबंधित आग बुझाने में किया जाएगा। ये बाइक पानी और आधुनिक अग्निशमन उपकरणों से लैस हैं।
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में रांची की मेयर रौशनी खलखो, पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू, चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, इंडस्ट्रीज एसोसिएशन से अजय भंडारी व विनय टिबरेवाल, और होटल एसोसिएशन के चंद्रकांत रायपत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।









