Ranchi: झारखंड में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हिट वेव को देखते हुए श्रम विभाग, झारखंड सरकार और फेडरेशन ऑफ झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने बड़ा कदम उठाया है। रांची स्थित चैम्बर भवन में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में श्रमिकों, कर्मचारियों और आम लोगों को लू से बचाने के लिए कई जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में श्रम अधीक्षक एतवारी महतो ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) द्वारा जारी हिट वेव एडवाइजरी की जानकारी देते हुए कहा कि सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों, दुकानों, होटल और व्यवसायिक संस्थानों को कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने होंगे।
सभी संस्थानों में ठंडे पेयजल, ORS, ग्लूकोज व्यवस्था सुनिश्चित की जाए
निर्देश में कहा गया कि सभी संस्थानों में ठंडे पेयजल, ORS, ग्लूकोज, नींबू पानी और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही एनजीओ और सामाजिक संगठनों से सार्वजनिक स्थलों पर पानी और राहत पेय पदार्थों के स्टॉल लगाने की अपील की गई।
झारखंड चैम्बर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान कर्मचारियों और ग्राहकों की सुरक्षा सभी व्यवसायिक संस्थानों की सामाजिक जिम्मेदारी है। वहीं श्रम उप समिति के चेयरमैन प्रमोद सारस्वत ने कहा कि चैम्बर विभिन्न संगठनों के साथ मिलकर जागरूकता अभियान चलाएगा।
बैठक में लोगों से अपील की गई कि दोपहर की तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, अधिक पानी पिएं और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करें। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, इसलिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है।









