Ranchi: कांग्रेस ने केंद्र सरकार द्वारा आयोजित रोजगार मेलों को लेकर बड़ा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने रोजगार मेलों को “इवेंट मैनेजमेंट” करार देते हुए कहा कि देश का युवा अब केवल नियुक्ति पत्रों की तस्वीरें नहीं, बल्कि स्थायी और सम्मानजनक रोजगार चाहता है।
राकेश सिन्हा ने आरोप लगाया कि देश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, लेकिन केंद्र सरकार सिर्फ प्रचार में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि सरकार हर साल लाखों नौकरियों का दावा करती है, जबकि हकीकत में रेलवे, सेना, बैंकिंग और कई सरकारी विभागों में लाखों पद खाली पड़े हैं।
12 साल बाद भी करोड़ों युवाओं को रोजगार नहीं मिला
कांग्रेस नेता ने CMIE के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि देश में बेरोजगारी दर लगातार 7 से 8 प्रतिशत के बीच बनी हुई है, जबकि युवाओं में यह आंकड़ा और ज्यादा है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर रोजगार के अवसर बढ़े हैं तो फिर युवा भर्ती परीक्षाओं और नौकरी की मांग को लेकर सड़कों पर आंदोलन क्यों कर रहे हैं?
सिन्हा ने कहा कि केंद्र सरकार ने हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन 12 साल बाद भी करोड़ों युवाओं को रोजगार नहीं मिल पाया। कांग्रेस ने मांग की कि सरकार खाली पदों पर जल्द भर्ती करे और रोजगार सृजन के लिए मजबूत आर्थिक नीति लाए।









