Breaking News: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में एक बार फिर बड़ा आतंकी हमला हुआ है। रविवार को क्वेटा शहर के चमन फाटक इलाके में रेलवे ट्रैक के पास हुए आत्मघाती विस्फोट की चपेट में जाफर एक्सप्रेस आ गई। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दर्दनाक हादसे में 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि 82 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
धमाका उस समय हुआ जब जाफर एक्सप्रेस क्वेटा कैंट की ओर बढ़ रही थी। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके के बाद रेलवे ट्रैक के पास आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया।
Breaking News: अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। अधिकारियों के अनुसार विस्फोट की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि आसपास की इमारतों के शीशे तक टूट गए। बलूचिस्तान सरकार के गृह मामलों के विशेष सहायक बाबर यूसुफजई ने कहा है कि घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
हालांकि अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन जांच एजेंसियां इसे आतंकी हमला मान रही हैं। खास बात यह है कि जाफर एक्सप्रेस पहले भी कई बार आतंकियों के निशाने पर रह चुकी है।
बताते चलें कि यह ट्रेन उन संवेदनशील इलाकों से गुजरती है जहां बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) का प्रभाव माना जाता है। पिछले साल भी BLA ने इसी ट्रेन को हाईजैक कर सैकड़ों यात्रियों को बंधक बना लिया था।









