Ranchi: राजधानी रांची के ऐतिहासिक ऑड्रे हाउस में इन दिनों बच्चों की किलकारियां और कला के रंग बिखरे हुए हैं। सांस्कृतिक कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार द्वारा आयोजित समर कैंप की शुरुआत मंगलवार से धूमधाम के साथ हुई। इस कैंप में शहर के विभिन्न स्कूलों के 350 से ज्यादा विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया है।
निदेशक आसिफ एकराम ने किया उद्घाटन
कैंप का विधिवत उद्घाटन संस्कृति निदेशक आसिफ एकराम ने किया। उन्होंने कहा कि इस कैंप का उद्देश्य बच्चों को तनावमुक्त वातावरण में कला की विभिन्न विधाओं से जोड़ना है। बच्चों को न केवल प्रशिक्षण दिया जा रहा है, बल्कि उनके मनोरंजन के लिए ज्ञानवर्धक डॉक्यूमेंट्री फिल्में भी दिखाई जा रही हैं।
पेंटिंग, कथक और क्राफ्ट का अनूठा संगम
समर कैंप में बच्चों को उनकी रुचि के अनुसार अलग-अलग विधाओं में प्रशिक्षित किया जा रहा है:
-
पेंटिंग: प्रशिक्षक गौतम बक्शी बच्चों को वाटर कलर, स्केचिंग और पेंसिल शेडिंग की बारीकियां सिखा रहे हैं।
-
कथक नृत्य: बबली कुमारी बच्चों को कथक के तत्कार, हस्तक और तिहाई का अभ्यास करा रही हैं। हारमोनियम और तबले की संगत कार्यक्रम में जान फूंक रही है।
-
आर्ट एंड क्राफ्ट: अंजलि चक्रवर्ती बेकार पड़ी चीजों (Waste Material) से खूबसूरत सजावटी सामान बनाना सिखा रही हैं।
खबर मन्त्र एक्सक्लूसिव पड़ताल एवं विश्लेषणExclusive
31 मई तक है मौका, कैसे कराएं रजिस्ट्रेशन?
यह समर कैंप 31 मई तक चलेगा। खास बात यह है कि जो बच्चे अब तक इसका हिस्सा नहीं बन पाए हैं, उनके लिए On-Spot Registration की सुविधा उपलब्ध है। इच्छुक अभिभावक और विद्यार्थी सीधे ऑड्रे हाउस जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं और इस कैंप का हिस्सा बन सकते हैं।
लोक नृत्य के लिए भी आवेदन आमंत्रित
फिलहाल पर्याप्त आवेदन न होने के कारण पारंपरिक लोक नृत्य का प्रशिक्षण शुरू नहीं हुआ है, लेकिन प्रशासन का कहना है कि जैसे ही इच्छुक छात्र मिलेंगे, इसकी कक्षाएं भी प्रारंभ कर दी जाएंगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









