Weather Alert: देशभर में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने 15 से अधिक राज्यों में प्री-मानसून बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। बिहार और उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान खराब मौसम ने भारी तबाही मचाई है।
बिहार में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में 17 लोगों की मौत हो गई। राजधानी पटना में खराब मौसम के कारण 4 फ्लाइट डायवर्ट करनी पड़ीं, जबकि 18 उड़ानें देरी से संचालित हुईं। इससे 500 से अधिक यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। मौसम विभाग ने आज राज्य के 25 जिलों में बारिश की संभावना जताई है।
यूपी के सभी 75 जिलों में आज भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
वहीं उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान के चलते 31 लोगों की जान चली गई। सहारनपुर में तेज बारिश के बाद पहाड़ी क्षेत्रों से आए पानी के बहाव में कई वाहन बह गए। राज्य के सभी 75 जिलों में आज भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी है।
IMD के अनुसार मानसून अगले 7 दिनों में केरल पहुंच सकता है। हालांकि इस साल मानसून सामान्य से कमजोर रहने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि जून से सितंबर के बीच सामान्य औसत से कम बारिश हो सकती है, जिससे खेती और जल संसाधनों पर असर पड़ सकता है।








