Abhishek Banerjee Attack: पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई वीडियो फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर रातभर चली छापेमारी के बाद की।
बताते चलें कि शनिवार को दक्षिण सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी चुनाव बाद हिंसा से प्रभावित पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान कई लोगों ने उनपर हमला किया था। घटना के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। पहले अपोलो अस्पताल और बाद में बेले व्यू अस्पताल में उनका इलाज हुआ।
ममता बनर्जी का बड़ा आरोप
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस घटना को सुनियोजित साजिश बताया। उन्होंने कहा कि यदि अभिषेक बनर्जी ने हेलमेट नहीं पहना होता तो उनकी जान भी जा सकती थी। ममता ने दावा किया कि भाजपा नेताओं और दक्षिण कोलकाता के डीसीपी की ओर से अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर दबाव बनाया गया ताकि अभिषेक को जल्द अस्पताल से छुट्टी दी जा सके।
उन्होंने सवाल उठाया कि अगर अभिषेक की स्थिति सामान्य थी तो उन्हें इंटेंसिव थेरेपी यूनिट (आईटीयू) में क्यों रखा गया था। अब उनका इलाज घर पर किया जा रहा है, जहां ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
राजनीतिक टकराव और तेज हुआ
इसी बीच टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने भी चंडीतला में भाजपा कार्यकर्ताओं पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। इससे राज्य में सत्तारूढ़ टीएमसी और भाजपा के बीच राजनीतिक तनाव और बढ़ गया है।









