Jharia: धनबाद जिले के Jharia क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब लालबंगला श्मशान घाट स्थित यात्री शेड में एक युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान बोर्रागढ़ ओपी क्षेत्र के होरिलाडीह तीन नंबर निवासी 24 वर्षीय दिलशाद अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मान रही है और गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जता रही है।
अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे लोगों ने देखा शव
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह कुछ लोग अंतिम संस्कार के लिए लालबंगला श्मशान घाट पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर यात्री शेड में पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। शव के आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही भौरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
रविवार रात से लापता था युवक
परिजनों के मुताबिक दिलशाद अंसारी लोदना क्षेत्र की एक आउटसोर्सिंग कंपनी में भारी वाहन चालक के रूप में कार्यरत था। रविवार को वह झरिया के कोयरीबांध इलाके में अपने एक मित्र से मिलने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोग चिंतित थे, लेकिन सोमवार सुबह उसके शव मिलने की सूचना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
घटनास्थल से मिले पार्टी के संकेत
पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल से चिकन चिल्ली के अवशेष, सिगरेट, माचिस तथा शराब की बोतल के ढक्कन बरामद किए गए हैं। इन सामानों को देखकर आशंका जताई जा रही है कि वारदात से पहले वहां पार्टी की गई थी। इसके बाद किसी विवाद या साजिश के तहत युवक की हत्या कर दी गई।
झाड़ियों में मिली लावारिस बाइक
हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य सुरागों की तलाश में पुलिस ने श्मशान घाट के आसपास सर्च अभियान चलाया। इसी दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर झाड़ियों में एक काले रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल (JH-10 BR-1904) लावारिस हालत में बरामद हुई। पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया है और उसके संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद एसएनएमएमसीएच भेजा था। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। देर शाम होरिलाडीह कब्रिस्तान में दिलशाद अंसारी को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जल्द होगा मामले का खुलासा : भौरा ओपी प्रभारी
भौरा ओपी प्रभारी सौरभ सुमन ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले सबूतों और परिजनों से प्राप्त जानकारी के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









