Hazaribagh(झारखंड): झारखंड के हजारीबाग जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कटकमदाग थाना क्षेत्र से पिछले 5 दिनों से लापता सगे भाई-बहन के शव अलग-अलग स्थानों से बरामद हुए हैं। 24 घंटे के भीतर दोनों बच्चों की लाशें मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग और परिजन इसे हत्या की आशंका मान रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग एसपी ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है।
Hazaribagh News: सिंदूर नदी और कुएं से बरामद हुए शव
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कटकमदाग थाना क्षेत्र से बीती 27 मई को 12 वर्षीय तमन्ना परवीन और उसका 3 वर्षीय छोटा भाई रिजवान अचानक लापता हो गए थे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। वहीं रविवार देर रात शहर के कोर्रा थाना क्षेत्र स्थित सिंदूर नदी से 12 साल की तमन्ना परवीन का शव बरामद किया गया। साथ ही सोमवार दोपहर सिंदूर इलाके के ही एक कुएं से 3 साल के मासूम रिजवान का शव भी पुलिस ने बरामद किया।
बच्चों के शव मिलने के बाद से ही पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में गहरा आक्रोश है।
Read more: Dhanbad: कल्याणेश्वरी मंदिर में पूजा के बाद मैथन डैम से महिला रहस्यमय ढंग से लापता, पति ने दर्ज कराई रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश का रहने वाला है पीड़ित परिवार, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
बताया जा रहा है कि यह पीड़ित परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश (UP) का निवासी है। वे हजारीबाग में खिलौने बेचकर अपना जीवन यापन करते हैं। बच्चों की मौत से सदमे में डूबे परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने के बाद भी पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। अगर पुलिस समय रहते तत्परता दिखाती, तो आज दोनों बच्चे जिंदा होते।
एसपी अमन कुमार के निर्देश पर SIT गठित, फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना के बाद हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक (SP) अमन कुमार ने तुरंत एक्शन लेते हुए विशेष जांच के निर्देश दिए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। इसके साथ ही फॉरेंसिक और टेक्निकल एक्सपर्ट्स की टीमों को भी सबूत जुटाने के लिए काम पर लगाया गया है।
एएसपी अमित कुमार ने कहा: “पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।”
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी सुरागों के आधार पर बच्चों की मौत के पीछे की असली वजह और साजिश का पता लगाने में जुटी है।
ये भी देखें: दिनभर की बड़ी खबरें फटाफट | Iran Strait of Hormuz | IPL Final | JCECEB | Twisha Sharma Death Case










