रांची: BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगामी 6 और 7 जून को प्रस्तावित दो दिवसीय झारखंड दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दौरे को सफल बनाने के उद्देश्य से बुधवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में व्यवस्था समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई और विभिन्न नेताओं व पदाधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया।
प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाऊरी ने बैठक के बाद जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला झारखंड दौरा होगा। इस दौरे के दौरान वे संगठनात्मक बैठकों, पार्टी कार्यक्रमों और कुछ गैर-राजनीतिक आयोजनों में भी हिस्सा लेंगे।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। प्रदेश भर के भाजपा कार्यकर्ता उनके स्वागत और कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटे हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह दौरा संगठन को नई ऊर्जा देगा और कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम करेगा।
अमर कुमार बाऊरी ने बताया कि नितिन नवीन का रांची और झारखंड से विशेष लगाव रहा है। उनका जन्म रांची में हुआ और उनकी प्रारंभिक तथा उच्च शिक्षा भी यहीं से पूरी हुई है। यही कारण है कि झारखंड उनके लिए केवल राजनीतिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि भावनात्मक रूप से भी बेहद महत्वपूर्ण है।
बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, रांची के वरिष्ठ विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, मनोज सिंह, रांची के डिप्टी मेयर नीरज कुमार समेत रांची महानगर, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी और रामगढ़ जिला इकाइयों के अध्यक्ष तथा कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
BJP नेताओं का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा तथा प्रदेश संगठन को नई दिशा और मजबूती प्रदान करेगा।








