Ranchi: झारखंड में भारतीय जनता पार्टी ने सांगठनिक ढांचे को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक में लिए गए निर्णयों पर अमल करते हुए पार्टी ने प्रमंडल और विभिन्न मोर्चों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर संगठन की अलग-अलग इकाइयों के गठन के लिए समय-सीमा भी निर्धारित की गई है।
प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि जिला और मंडल कार्यसमितियों का गठन 10 नवंबर तक, प्रदेश और जिला मोर्चा समितियों का गठन 20 नवंबर तक तथा शक्ति केंद्रों की संरचना 30 नवंबर तक पूरी करने का लक्ष्य है। बूथ समितियों के गठन के लिए 15 दिसंबर की समय-सीमा तय की गई है। वहीं, प्रकोष्ठों और विभागों की सांगठनिक संरचना 30 नवंबर तक पूरी करने की योजना है।
छह प्रमंडलों में प्रभारियों की नियुक्ति
संगठनात्मक गतिविधियों के समन्वय और निगरानी के लिए छह प्रमंडलों में नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कोल्हान के प्रभारी प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा और संथाल परगना के प्रभारी बालमुकुंद सहाय बनाए गए हैं। धनबाद प्रमंडल की जिम्मेदारी सुनील सोरेन को दी गई है।
दक्षिणी छोटानागपुर में गणेश मिश्रा, पलामू में अमर कुमार बाउरी और हजारीबाग प्रमंडल में मनोज सिंह संगठनात्मक कार्यों की निगरानी करेंगे।
मोर्चों के गठन की जिम्मेदारी भी तय
भाजपा ने विभिन्न मोर्चों की समितियों के गठन के लिए भी प्रभारियों की नियुक्ति की है। गणेश मिश्रा को किसान, अनुसूचित जाति और अल्पसंख्यक मोर्चे की जिम्मेदारी दी गई है। अमर कुमार बाउरी ओबीसी और युवा मोर्चे का काम देखेंगे, जबकि मनोज सिंह महिला और अनुसूचित जनजाति मोर्चे के प्रभारी होंगे।
प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी के अनुसार, प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, मंडल अध्यक्षों और मोर्चा अध्यक्षों को सात दिनों की प्रवास योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया है। इसके जरिए जिला, मंडल और बूथ स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की तैयारी है।
पार्टी का घोषित लक्ष्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी सांगठनिक इकाइयों का गठन पूरा करना है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







