Ranchi: आम जनता की रसोई पर महंगाई का एक और बड़ा बम फूटा है। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) की कीमत में एक बार फिर ₹29 की बढ़ोतरी की गई है, जबकि 5 किलोग्राम वाले छोटे सिलेंडर के दाम भी ₹10.50 बढ़ा दिए गए हैं। इस ताजा बढ़ोतरी के बाद झारखंड की सियासत गरमा गई है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने केंद्र सरकार के इस फैसले को आम जनता के साथ एक ‘क्रूर मज़ाक’ करार देते हुए तीखा हमला बोला है।
चरमरा गया आम आदमी का बजट, आर्थिक हमला जारी
प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता ऋषीकेश सिंह ने इस फैसले पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से देश और राज्य की जनता पहले से ही त्रस्त है। ऐसे में मोदी सरकार ने रसोई गैस के दाम बढ़ाकर आम आदमी पर एक और बड़ा आर्थिक हमला कर दिया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल, खाद्य तेल और रोजमर्रा की जरूरी चीजों के दाम बढ़ने से मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों का मासिक बजट पूरी तरह से चरमरा चुका है, लेकिन केंद्र सरकार को जनता की तकलीफों से कोई सरोकार नहीं रह गया है।
2014 से अब तक ढाई गुना बढ़े दाम: कांग्रेस का आरोप
ऋषीकेश सिंह ने आंकड़ों का हवाला देते हुए केंद्र की भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा-“साल 2014 में जिस घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत लगभग ₹410 थी, आज वही सिलेंडर ₹1000 से अधिक की भारी-भरकम कीमत पर मिल रहा है। भाजपा ने सत्ता में आने से पहले महंगाई कम करने का बड़ा वादा किया था, लेकिन आज उनकी गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश की करोड़ों गृहिणियों की रसोई पर संकट मंडरा रहा है।”
उज्ज्वला योजना की खुली पोल, फिर लकड़ी-कोयले पर लौटी जनता
कांग्रेस प्रवक्ता ने उज्ज्वला योजना पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार केवल मुफ्त कनेक्शन बांटने का श्रेय लेती है, लेकिन सच्चाई यह है कि सिलेंडर रिफिल कराने की क्षमता गरीब जनता से छीन ली गई है। बढ़ती कीमतों के कारण देश के लाखों गरीब और ग्रामीण परिवार दोबारा मजबूरी में लकड़ी, कोयला और उपलों (गोइठा) का इस्तेमाल करने लगे हैं, जिससे महिलाओं के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने केंद्र सरकार से इस ताजा वृद्धि को तुरंत वापस लेने और रसोई गैस पर सब्सिडी बढ़ाने की पुरजोर मांग की है। कांग्रेस ने साफ किया कि वह इस जनविरोधी महंगाई के खिलाफ सड़क से सदन तक जनता की आवाज बनकर संघर्ष जारी रखेगी।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








