Dhanbad News: झरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पाथरडीह स्थित लोको साइडिंग में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गैस सिलेंडर में लीक होने के कारण यह हादसा हुआ, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
घटना के समय साइडिंग में गैस कटर के जरिए कार्य चल रहा था। आग लगते ही वहां काम कर रहे मजदूरों के बीच भगदड़ मच गई और पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया। हालांकि, मौके पर मौजूद मजदूरों ने सूझबूझ और हिम्मत का परिचय देते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया और स्थिति को संभालने में जुट गए।
Dhanbad News: बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के काम कराया जा रहा था
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, ठेकेदार के माध्यम से कार्य कर रहे प्राइवेट मजदूरों से बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के काम कराया जा रहा था। सुरक्षा मानकों की अनदेखी ने इस हादसे को और गंभीर बना दिया।फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इधर, प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले की जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारों की स्पष्ट जानकारी सामने आ पाएगी।












