Dhanbad News: संगठित अपराध के खिलाफ चल रही कार्रवाई में धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के करीबी सहयोगी सैफी उर्फ ‘मेजर’ को इंटरपोल की कार्रवाई के बाद दुबई से भारत लाया गया, जहां कोलकाता एयरपोर्ट पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, सैफी को पहले इंटरपोल के सहयोग से हिरासत में लिया गया था, जिसके बाद उसे भारत लाने की प्रक्रिया पूरी की गई। जैसे ही वह कोलकाता पहुंचा, पहले से सतर्क पुलिस टीम ने उसे एयरपोर्ट पर ही दबोच लिया।
Dhanbad News: लंबे समय से पुलिस के रडार पर था आरोपी
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि सैफी लंबे समय से पुलिस के रडार पर था। उसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्तता के साक्ष्य मिले हैं। पुलिस अब उससे गहन पूछताछ कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि इससे गैंग के नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे होंगे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सैफी उर्फ ‘मेजर’ झारखंड के व्यवसायियों के बीच खौफ का पर्याय बना हुआ था। वह प्रिंस खान के इशारे पर रंगदारी वसूली, धमकी और अवैध वित्तीय लेनदेन में सक्रिय भूमिका निभाता था। गैंग के संचालन में उसकी अहम जिम्मेदारी थी, जिसमें वसूली का समन्वय और हवाला के जरिए पैसे विदेश भेजना शामिल था।
Dhanbad News: प्रिंस खान ने दुबई से बदलकर पाकिस्तान बनाया ठिकाना
जांच में यह भी सामने आया है कि प्रिंस खान, जिस पर दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं, ने अपना ठिकाना दुबई से बदलकर पाकिस्तान कर लिया है। वहीं से वह अपने गिरोह का संचालन कर रहा है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सैफी को रविवार शाम तक धनबाद लाया जा सकता है, जहां उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। इस गिरफ्तारी को संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।












