Ranchi: राजधानी रांची के नामकुम रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार सुबह एक आरपीएफ (RPF) जवान का सिर कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। मृतक जवान वर्दी में था और उसका सिर धड़ से अलग मिला। घटनास्थल से उसका बैग भी बरामद किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक आरपीएफ जवान की पोस्टिंग महज तीन दिन पहले ही सुइसा से नामकुम रेलवे स्टेशन पर की गई थी। नई तैनाती के कुछ ही दिनों बाद हुई इस घटना से रेलवे महकमे में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल मामले पर कोई आधिकारिक बयान देने से इनकार किया है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हादसे का है या आत्महत्या का। रेलवे पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जवान के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।









