रांची: राजधानी रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला करने वाले मुख्य आरोपी की तस्वीर सामने आने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पहले RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने, फिर गिरफ्तारी के बाद थाना हाजत से फरार होने और आखिरकार पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने तक की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोतवाली थाना हाजत में रखा था। इसी दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी के भागने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम उसके पीछे लग गई और पीछा करते हुए मांडर क्षेत्र तक पहुंच गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने की कोशिश में आरोपी ने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
क्या है पूरा मामला?
मंगलवार देर रात दो अज्ञात बदमाश बाइक पर सवार होकर निवारणपुर स्थित आरएसएस कार्यालय पहुंचे थे। दोनों ने कार्यालय परिसर की ओर जलता हुआ पेट्रोल बम फेंका और मौके से फरार हो गए। हालांकि इस हमले में बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस तुरंत हरकत में आ गई।
मामले की जांच के लिए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय खुफिया तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान दोनों आरोपियों की गतिविधियां कैमरे में कैद मिलीं, जिसके आधार पर पुलिस ने उन्हें रांची से भागने के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पेट्रोल बम हमला किसी बड़ी साजिश का हिस्सा था या फिर इसके पीछे अन्य लोग भी शामिल हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क और हमले के मकसद का पता लगाने में जुटी हुई है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









