Ranchi: राजधानी रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में युवक से मारपीट कर बलेनो कार लूटने के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई बलेनो कार और वारदात में इस्तेमाल की गई रेनो ट्रिबर कार भी बरामद कर ली गई है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
ये भी देखें: Ranchi Durand Cup 2026: 26 जुलाई से रांची बनेगा फुटबॉल का गढ़, डूरंड कप 2026 का पूरा शेड्यूल जारी
फर्नीचर का काम खत्म कर लौट रहे युवक को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, तुपुदाना निवासी पवन कुमार राणा (32 वर्ष) 3 जुलाई की रात करीब 10:45 बजे पुन्दाग से फर्नीचर का काम समाप्त कर अपनी बलेनो कार (JH01FF-1647) से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सैटेलाइट चौक से करीब 100 मीटर आगे बिरसा चौक जाने वाले बाईपास रोड पर एक पीले रंग की रेनो ट्रिबर कार (JH01DS-5575) ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया।
ट्रिबर कार में सवार चार अपराधियों में से तीन नीचे उतरे और बलेनो कार का शीशा पीटकर खुलवाया। इसके बाद आरोपियों ने पवन कुमार राणा के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा उन्हें जबरन अपनी कार में बैठाने का प्रयास किया। हालांकि, पीड़ित किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर करीब 50 मीटर दूर भागने में सफल रहे। इसी दौरान एक आरोपी उनकी बलेनो कार लेकर अरगोड़ा की ओर फरार हो गया।
पुलिस ने 24 घंटे में किया मामले का खुलासा
घटना की सूचना मिलने के बाद जगन्नाथपुर थाना में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी नितिन कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम में विधानसभा थाना प्रभारी दिनेश ठाकुर, पुन्दाग ओपी प्रभारी संजीव कुमार तथा सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे।
तकनीकी जांच और लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वे हैं-
- राजीव रंजन (27 वर्ष) – स्थायी निवासी अलीपुर, पटना (बिहार), वर्तमान पता एसोटेक, बरियातु, रांची।
- उमेश प्रसाद राय (55 वर्ष) – स्थायी निवासी सेक्टर-78, नोएडा (उत्तर प्रदेश), वर्तमान पता मेकॉन श्यामली कॉलोनी, डोरंडा, रांची।
- विशाल कुमार दूबे (26 वर्ष) – स्थायी निवासी मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश), वर्तमान पता एसोटेक, बरियातु, रांची।
लूटी गई कार और ट्रिबर वाहन बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई नीले रंग की मारुति बलेनो कार (JH01FF-1647) तथा वारदात में इस्तेमाल की गई रेनो ट्रिबर कार (JH01DS-5575) को सुरक्षित बरामद कर लिया है।
एक आरोपी अब भी फरार
पुलिस के अनुसार, इस मामले में शामिल चौथा आरोपी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें: Everyday Mysteries: क्या आपने कभी सोचा है? Mouse Pointer हमेशा तिरछा ही क्यों होता है
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।







