झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा की माता सायरा मुंडा के निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। उनके निधन पर झारखंड भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय समेत कई नेता पूर्वी सिंहभूम के घोड़ाबांधा स्थित अर्जुन मुंडा के पैतृक आवास पहुंचे और दिवंगत सायरा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
नेताओं ने सायरा मुंडा के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। साथ ही अंतिम यात्रा में शामिल होकर नम आंखों से अंतिम विदाई दी और अर्जुन मुंडा सहित पूरे परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने सायरा मुंडा के निधन को अत्यंत दुखद बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भावुक शब्दों में अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उम्र कितनी भी हो जाए, मां सिर पर हाथ रख दे तो लगता है कि सब संभल जाएगा। उन्होंने दिवंगत माताजी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए अर्जुन मुंडा और उनके परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति मिलने की कामना की।
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय ने भी सायरा मुंडा के निधन पर गहरा शोक जताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, चंपई सोरेन और मधु कोड़ा, प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने भी निधन पर शोक व्यक्त किया। सभी ने अर्जुन मुंडा और उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







