Hazaribag: जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र स्थित चंद्रगुप्त कंपनी परिसर में 10 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे हुई बमबारी की घटना के बाद एक नया मोड़ सामने आया है। सोशल मीडिया पर जारी एक कथित प्रेस विज्ञप्ति में राहुल दुबे गैंग ने इस घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, इस प्रेस विज्ञप्ति की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।
कथित प्रेस विज्ञप्ति में गैंग ने आर. एस. यादव को संबोधित करते हुए लिखा है कि यह हमला केवल “चेतावनी” देने के लिए किया गया था। इसमें कहा गया है कि यदि आगे भी उनकी बात नहीं मानी गई तो अगला हमला सीधे कार्यालय को निशाना बनाकर किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: Jharkhand के बड़कागांव कोयला परियोजना में ताबड़तोड़ फायरिंग, सोशल मीडिया पर राहुल दुबे गैंग ने ली जिम्मेदारी
ड्राइवर और स्टाफ को भी दी गई जान से मारने की धमकी
सोशल मीडिया पर वायरल कथित संदेश में गैंग ने बेहद आक्रामक भाषा का इस्तेमाल करते हुए दावा किया है कि अगली बार केवल साइड पर खड़ी हाईवा गाड़ियों को नहीं, बल्कि वहां मौजूद ड्राइवरों और स्टाफ को भी निशाना बनाया जाएगा। संदेश में यह भी कहा गया है कि वे किसी गरीब ड्राइवर, स्टाफ या मुंशी की जान नहीं लेना चाहते, लेकिन यदि उनकी कथित मांगें पूरी नहीं हुईं तो साइड पर मौजूद किसी भी व्यक्ति की हत्या कर दी जाएगी।
ट्रांसपोर्टर्स और स्थानीय कमेटियों को भी चेतावनी
कथित प्रेस विज्ञप्ति में केवल आर. एस. यादव ही नहीं, बल्कि कोयला परिवहन से जुड़े ट्रांसपोर्टर्स और स्थानीय कमेटियों को भी चेतावनी दी गई है। गैंग ने कहा है कि सभी संबंधित लोग इस घटना से सबक लें और सतर्क हो जाएं, अन्यथा उन्हें भी गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
Hazaribag: पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कथित प्रेस विज्ञप्ति की सत्यता की भी जांच की जा रही है। पुलिस की ओर से अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामले की जांच जारी है और पुलिस की आधिकारिक रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।








