Koderma: सोशल मीडिया आज सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि कई रिश्तों की शुरुआत भी यहीं से हो रही है। कोडरमा जिले से ऐसी ही एक अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है, जहां इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और आखिरकार दो बच्चों की मां ने अपने प्रेमी के साथ ध्वजाधारी धाम में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली। यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इंस्टाग्राम पर बिहार के युवक से हुई थी दोस्ती
जानकारी के अनुसार, मरकच्चो थाना क्षेत्र के गोरहंद गांव की रहने वाली रूपा कुमारी के पति आलोक ठाकुर का पहले ही निधन हो चुका था। पति की मौत के बाद वह अपने दो बच्चों की परवरिश कर रही थीं। इसी दौरान इंस्टाग्राम पर उनकी पहचान बिहार के पटना जिले के खरखट निवासी रोहित कुमार से हुई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो समय के साथ गहरे प्रेम संबंध में बदल गई।
ध्वजाधारी धाम दोनों की धूमधाम से शादी
बताया जा रहा है कि रूपा ने अपने परिवार को इस रिश्ते की जानकारी दी और रोहित से शादी करने की इच्छा जताई। युवक भी इस रिश्ते के लिए तैयार हो गया। तय योजना के अनुसार दोनों झुमरी तिलैया पहुंचे, जहां परिजनों की मौजूदगी में मुलाकात हुई। कुछ देर बाद दोनों ध्वजाधारी धाम पहुंचे और हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह कर लिया।
इस दौरान रोहित ने रूपा की मांग में सिंदूर भरकर उन्हें अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया। शादी के बाद दोनों ने साथ रहने का फैसला किया। सोशल मीडिया से शुरू हुई यह प्रेम कहानी अब पूरे कोडरमा और आसपास के इलाकों में चर्चा का विषय बनी हुई है।









