Koderma: कोडरमा घाटी में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सदर थाना क्षेत्र के मेघातरी के पास दूध से भरे एक टैंकर ने आगे चल रहे ट्रेलर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके केबिन में चालक व दोनों खलासी बुरी तरह फंस गए। घटना में खलासी की इलाज के दौरान मौत हो गई।
इलाज के दौरान खलासी की मौत
हादसे की सूचना मिलते ही कोडरमा थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक और दोनों खलासियों को बाहर निकालकर सदर अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना में चालक नीलेश कुमार, खलासी प्रफ्फुल कुमार और सिंटू कुमार गंभीर रूप से घायल हुए।
इलाज के दौरान खलासी सिंटू कुमार की मौत हो गई। मृतक बिहार के जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र के झंडो गांव का रहने वाला था। जैसे ही हादसे की सूचना गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बारिश बनी हादसों की बड़ी वजह
पिछले तीन दिनों से कोडरमा में लगातार बारिश हो रही है। इससे घाटी की सड़कें बेहद फिसलन भरी हो गई हैं। कोडरमा घाटी की घुमावदार और ढलान वाली सड़क पर वाहन चलाना पहले से ही चुनौतीपूर्ण माना जाता है। आशंका है कि सड़क पर फिसलन के कारण ही यह हादसा हुआ।
बताते चलें कि करीब एक सप्ताह पहले नौवां माइल के पास भी बारिश के दौरान आधा दर्जन वाहन आपस में टकरा गए थे। लगातार हो रहे हादसों ने घाटी में सड़क सुरक्षा और सावधानी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त टैंकर और ट्रेलर को हटाकर थाना परिसर में सुरक्षित रखवा दिया है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








