Giridih: गिरिडीह जिले के चर्चित नीरज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सुभाष पासवान को गिरफ्तार किया है, जो मृतक का होने वाला साढ़ू बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है और उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार, स्कूटर, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
खोरीमहुआ के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि नीरज के लापता होने के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। बाद में बिहार के जमुई जिले से उसका शव बरामद हुआ। इसके बाद गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया, जिसने जांच के दौरान आरोपी तक पहुंचने का दावा किया।
कुछ दिनों बाद होने वाली थी शादी
पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि जिस युवती से नीरज की शादी तय थी, उसका आरोपी सुभाष पासवान के साथ कथित प्रेम संबंध था। एसडीपीओ ने कहा कि पूछताछ के दौरान युवती ने भी इस संबंध की जानकारी दी। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने अकेले ही वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
इस बीच, जमुआ थाना प्रभारी की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं। एसडीपीओ के अनुसार, प्रारंभिक जांच में लापरवाही के संकेत मिले हैं और गिरिडीह एसपी ने मामले की विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले को जल्द स्पीड ट्रायल में ले जाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि न्यायिक प्रक्रिया तेजी से पूरी हो सके। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









