Giridih: गिरिडीह जिले में स्थित जैन तीर्थस्थल पारसनाथ (शिखरजी) से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस देर रात सड़क हादसे का शिकार हो गई। मधुबन थाना क्षेत्र के कल्याण निकेतन के पास बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में गुजरात के सूरत निवासी पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान बाबूलाल वंशराज जैन और उनकी पत्नी बदामी देवी के रूप में हुई है। घटना रविवार देर रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है।
बस सड़क के दूसरी ओर गड्ढे में एक तरफ झुककर लटक गई
जानकारी के अनुसार, गुजरात से जैन श्रद्धालुओं का करीब 10 गाड़ियों का जत्था रविवार को शिखरजी पहुंचा था। तीर्थयात्रा पूरी करने के बाद सभी श्रद्धालु टाटा लौट रहे थे, जहां से उन्हें ट्रेन पकड़कर गुजरात जाना था। इसी दौरान जत्थे में शामिल एक बस कल्याण निकेतन के पास अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद बस सड़क के दूसरी ओर गड्ढे में एक तरफ झुककर लटक गई। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री अंदर फंस गए, जबकि कुछ खिड़कियों से बाहर निकलने में सफल रहे।
पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया बचाव अभियान
सूचना मिलते ही मधुबन थाना प्रभारी मणिलाल सिंह, डुमरी एसडीपीओ आबिद खान और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों ने भी बचाव कार्य में मदद की। काफी मशक्कत के बाद यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया और घायलों को पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने पति-पत्नी की मौत और कई लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
शिखरजी जैसे प्रमुख जैन तीर्थस्थल से लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हुए इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







