झारखंड के खूंटी जिले में निर्माण कार्यों से जुड़े ठेकेदारों से पीएलएफआई (PLFI) के नाम पर लेवी मांगने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और प्रतिबंधित संगठन पीएलएफआई के तीन पर्चे बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपित तपकरा और आनंदपुर थाना क्षेत्र में लेवी मांगने की घटनाओं में कथित तौर पर शामिल थे।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रनिया थाना क्षेत्र के कैलो गांव निवासी संजू मांझी (24) और अंकुश बागे उर्फ दोंदो (24) के रूप में हुई है। खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी और बरामदगी की जानकारी दी।
दो निर्माण स्थलों पर फेंके गए थे PLFI के पर्चे
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को तपकरा थाना क्षेत्र के कमड़ा मोड़ स्थित आवासीय विद्यालय के निर्माण कार्य स्थल पर पीएलएफआई के नाम से पर्चा फेंककर लेवी की मांग की गई थी। इसके बाद 15 नवंबर को पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र में वीकेएस कंस्ट्रक्शन के सड़क निर्माण कार्य स्थल पर भी इसी तरह पर्चा फेंककर ठेकेदार से लेवी मांगी गई।
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। तपकरा, रनिया और आनंदपुर पुलिस संयुक्त रूप से छापेमारी कर रही थी।
बिना नंबर प्लेट की बाइक से आ रहे थे आरोपी
पुलिस को 21 नवंबर को सूचना मिली कि तीन व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल से जयपुर और कैलो की ओर से रनिया आ रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और पीएलएफआई के तीन पर्चे बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने तपकरा थाना कांड संख्या 10/26 और आनंदपुर थाना कांड संख्या 20/26 में लेवी मांगने की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
इस मामले में रनिया थाना कांड संख्या 39/26 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
छापेमारी टीम में तोरपा एसडीपीओ विजय कुमार सिंह, मनोहरपुर अंचल के अमित रोशन कुल्लु, रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार, आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस, तपकरा थाना के कैलाश उरांव समेत तीनों थानों के सशस्त्र बल शामिल थे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








