Dumka: दुमका जिले में प्रस्तावित कोल माइंस को लेकर विरोध रविवार देर रात हिंसक हो गया। शिकारीपाड़ा प्रखंड के बादलपाड़ा-कल्याणपुर क्षेत्र में कोल ब्लॉक के बोरिंग कार्य को लेकर आयोजित ग्रामसभा के दौरान ग्रामीणों ने कंपनी के कर्मचारियों को बंधक बना लिया। उन्हें छुड़ाने पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इस घटना में नौ पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी है। हालांकि, कुछ रिपोर्टों में घायलों की संख्या 12 बताई गई है।
ग्रामीणों ने कंपनी के कर्मियों को रोककर बंधक बनाया
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर कोल ब्लॉक में बोरिंग कार्य को लेकर ग्रामसभा आयोजित की गई थी। इस दौरान प्रस्तावित खनन परियोजना का विरोध कर रहे ग्रामीणों ने कंपनी के कर्मियों को रोक लिया और उन्हें बंधक बना लिया। सूचना मिलने पर शिकारीपाड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीण कर्मियों को छोड़ने के लिए तैयार नहीं हुए।
पुलिसकर्मियों पर डंडों से भी हमला
इसके बाद रात करीब 12 बजे मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया। इसी दौरान पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया। जवानों के मुताबिक, उन पर डंडों से भी हमला हुआ। घटना में घायल पुलिसकर्मियों को रात करीब दो बजे फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल जवानों की पहचान आनंद मुर्मू, चार्ल्स मुर्मू, फूल कुमार यादव, विनोद दास, पूनम देवी, मुन्ना कुमार, शिवजी यादव, अनिल दास और अमरनाथ कुमार के रूप में हुई है।
प्रशासन घटना में शामिल लोगों की पहचान में जुटी
घटना की जानकारी मिलने पर उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान अस्पताल पहुंचे और घायल जवानों के इलाज की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि कोल माइंस को लेकर ग्रामसभा के दौरान हंगामा हुआ और पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया। प्रशासन अब घटना में शामिल लोगों की पहचान कर रहा है।
कोल माइंस को लेकर क्षेत्र में पहले से विरोध के बीच इस घटना ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







