गिरिडीह: जिले के गावां प्रखंड स्थित गदर गांव में बंद पड़ी खदान में डूबे युवक का शव करीब 24 घंटे बाद शुक्रवार दोपहर बरामद किया गया। मृतक की पहचान स्वर्गीय रामचंद्र यादव के पुत्र मनोज यादव के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मनोज अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं।
जानकारी के अनुसार, मनोज यादव गुरुवार दोपहर मवेशी चराने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान वह बंद पड़ी खदान के पास पहुंचे, जहां कथित तौर पर पैर फिसलने से गहरे पानी में गिर गए। आसपास मौजूद कुछ महिलाओं ने उन्हें डूबते देखा और तत्काल इसकी जानकारी परिजनों को दी।
जेसीबी और मोटर पंप से भी नहीं मिली सफलता
घटना की सूचना मिलने पर गावां थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार और अंचलाधिकारी अभिषेक कुमार मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से जेसीबी और मोटर पंप लगाकर मनोज की तलाश शुरू की गई, लेकिन गुरुवार को शव नहीं मिल सका।
शुक्रवार को परिजनों और ग्रामीणों ने दोबारा तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद झगड़ की मदद से शव को खदान के गहरे पानी से बाहर निकाला गया।
ट्रक चलाकर परिवार का करते थे भरण-पोषण
बताया जा रहा है कि मनोज यादव ट्रक चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। कुछ महीने पहले ही वह खेती-बाड़ी करने के लिए गांव लौटे थे। अचानक हुई उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मनोज के दो पुत्र और एक पुत्री हैं। पिता की मौत के बाद तीनों बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
इधर, गावां थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







